उत्तराखण्ड
भावना मेहरा ने संभाली नई जिम्मेदारी, विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने का संकल्प
भावना मेहरा ने संभाली नई जिम्मेदारी, विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने का संकल्प
देहरादून/नैनीताल। आवास सलाहकार परिषद की नवनियुक्त उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने बुधवार को सचिवालय में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार (आईएएस) ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।
पदभार संभालने के बाद भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ‘टीम उत्तराखंड’ की भावना के अनुरूप काम करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से धरातल पर लागू करना होगी, ताकि आम लोगों को उनका सीधा लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी जिला विकास प्राधिकरणों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने की बात कही।
भावना मेहरा ने बताया कि वे नियमित रूप से जिलों में विकास प्राधिकरणों की बैठकें करेंगी और योजनाओं की समीक्षा कर उनके समयबद्ध और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पारदर्शिता, निष्ठा और समर्पण के साथ वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रदेश के समग्र विकास में अहम भूमिका अदा करेंगी।
