उत्तराखण्ड
जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने थामा कांग्रेस का हाथ, 2027 से पहले उत्तराखंड की सियासत में नई हलचल
2014 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल, 2022 में चकराता से लड़ा था विधानसभा चुनाव
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल का सिलसिला तेज होने लगा है। देहरादून जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और चकराता विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे रामशरण नौटियाल ने सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल के इस फैसले को प्रदेश की सियासत में एक अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
कांग्रेस में उनकी सदस्यता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सप्पल की मौजूदगी में हुई। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी।
रामशरण नौटियाल लंबे समय से उत्तराखंड की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। राज्य गठन के दौर में भी वह इस पद पर रहे थे। जौनसार-बावर क्षेत्र से जुड़ाव रखने वाले नौटियाल चकराता क्षेत्र के विकास, नई टाउनशिप और क्षेत्रीय बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को उठाते रहे हैं।

उनकी राजनीतिक यात्रा में दल-बदल का यह दूसरा बड़ा पड़ाव है। वर्ष 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। जनवरी 2022 में भाजपा ने उन्हें चकराता विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह से हुआ था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा से अलग होने के बाद अब कांग्रेस में उनकी वापसी ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक चर्चाओं को नया आधार दिया है। हालांकि, कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनकी भविष्य की चुनावी भूमिका क्या होगी, इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।