Connect with us

अपराध

उत्तराखंड कुछ अलग खबर : खोया बैट तलाशने थाने पहुंचा मासूम, पुलिस ने CCTV से ढूंढ निकाला… लौटाई बच्चे की सबसे बड़ी खुशी

 

 

गोपेश्वर में क्रिकेट बैट गुम होने पर मायूस होकर थाने पहुंचा रविन्द्र, पुलिस ने कैमरों की मदद से खोज निकाला बैट, वापस मिलते ही खिल उठा चेहरा

 

गोपेश्वर। किसी के लिए क्रिकेट बैट भले ही एक सामान्य खेल का सामान हो, लेकिन एक बच्चे के लिए वही उसकी दुनिया और खुशियों का हिस्सा होता है। अपने इसी प्यारे बैट के खो जाने से परेशान एक मासूम जब मदद मांगने पुलिस थाने पहुंचा तो पुलिस ने भी उसकी उम्मीद को टूटने नहीं दिया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और आखिरकार बच्चे का खोया हुआ क्रिकेट बैट खोज निकाला गया।

 

मामला गोपेश्वर का है। कुंजौ मैकोट निवासी बालक रविन्द्र सिंह बिष्ट स्कूटी से कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसका क्रिकेट बैट रास्ते में गिर गया। पीछे से आ रहे एक वाहन चालक की नजर बैट पर पड़ी तो वह उसे उठाकर अपने वाहन में रखकर ले गया। जब रविन्द्र को अपना बैट गायब होने का पता चला तो वह काफी मायूस हो गया।

 

बैट की तलाश में कोई रास्ता न सूझने पर रविन्द्र सीधे थाना गोपेश्वर पहुंच गया। यहां उसने पुलिसकर्मियों को अपनी परेशानी बताई और खोया हुआ बैट ढूंढने में मदद मांगी। बच्चे की बात सुनकर थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल पुलिस टीम को बैट की तलाश में लगाया।

 

पुलिस ने नगर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। एक-एक कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी गई और आखिरकार उस वाहन का पता लगा लिया गया, जिसमें बैट उठाकर रखा गया था। पुलिस के प्रयास रंग लाए और खोया हुआ क्रिकेट बैट बरामद कर रविन्द्र को वापस सौंप दिया गया।

 

बैट हाथ में आते ही रविन्द्र की खुशी देखते ही बन रही थी। जिस बैट के खोने से वह उदास होकर थाने पहुंचा था, वही बैट वापस मिलने पर उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आई। बच्चे की खुशी देखकर पुलिसकर्मी भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।

 

गोपेश्वर पुलिस की यह पहल बताती है कि पुलिस की भूमिका केवल अपराधों की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। कभी किसी की बड़ी समस्या का समाधान करना होता है तो कभी एक मासूम के लिए उसका खोया हुआ क्रिकेट बैट ढूंढना भी उतना ही मायने रखता है। इस बार पुलिस की मेहनत का नतीजा किसी केस की फाइल में नहीं, बल्कि रविन्द्र के चेहरे पर लौटी मुस्कान में दिखाई दिया।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts