अपराध
रिश्वत के लिए पहले 9,700 रुपये लिए, फिर मांगे 50 हजार… राजस्व निरीक्षक निलंबित, डीएम ने बैठाई जांच
हल्द्वानी। जमीन से जुड़े विवाद के एक मामले में रिश्वत मांगने के आरोपों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हल्द्वानी तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
मामला हल्द्वानी तहसील के हिमतपुर तल्ली क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता तनोज तिवारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके प्लॉट से संबंधित भूमि विवाद के मामले में राजस्व निरीक्षक ने रिश्वत की मांग की।
शिकायत के मुताबिक, संबंधित प्लॉट की करीब 5.5 फीट चौड़ाई और 80 फीट गहराई की भूमि पर अतिक्रमण का मामला था। इस संबंध में 14 नवंबर को राजस्व निरीक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।
आरोप है कि 20 नवंबर को राजस्व निरीक्षक ने विवादित भूखंड का निरीक्षण किया। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने कार्यालय बुलाकर पहले 9,700 रुपये और दस्तावेज लिए। इतना ही नहीं, आगे की कार्रवाई जल्द कराने के नाम पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग भी की गई।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी। इसके बाद प्रकरण की जांच एसडीएम को सौंपी गई। एसडीएम की जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता को राजस्व निरीक्षक के कार्यालय बुलाए जाने की पुष्टि होने के बाद निलंबन की संस्तुति की गई।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 21 नवंबर को राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र के निलंबन के आदेश जारी कर दिए। जिलाधिकारी ने आदेश में राजस्व निरीक्षक के पूर्व कार्यस्थल हरिद्वार से उनके आचरण और कार्यप्रणाली से संबंधित रिपोर्ट भी मांगी है। साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल है। जमीन से जुड़े मामलों में रिश्वतखोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सरकारी कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई की जाएगी।
