उत्तराखण्ड
तकनीकी नवाचार और सांस्कृतिक रंगों से सजा ‘नवरंग 2.0’, कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने किया IEEE न्यूजलेटर और टी-शर्ट का विमोचन
देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून के अंतर्गत संचालित गवर्नमेंट वुमेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GWIT) में आयोजित दो दिवसीय IEEE डे-2026 ‘नवरंग 2.0’ का रंगारंग समापन हो गया। 14 और 15 अक्टूबर को आयोजित इस समारोह में तकनीकी नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने IEEE GWIT स्टूडेंट ब्रांच के ई-न्यूजलेटर के दूसरे संस्करण (वॉल्यूम-2) और टी-शर्ट का विमोचन किया।
IEEE GWIT स्टूडेंट ब्रांच, IEEE GWIT विमेन इन इंजीनियरिंग (WIE) एफिनिटी ग्रुप और IEEE UTU स्टूडेंट ब्रांच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को IEEE उत्तर प्रदेश अनुभाग और WIT एलुमनाई एसोसिएशन का सहयोग मिला।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर के साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके गोयल, फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी के कोऑर्डिनेटर डॉ. विशाल रमोला तथा महिला प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ पेशेवर संगठनों से भी सक्रिय रूप से जुड़ना चाहिए। IEEE जैसे वैश्विक मंच विद्यार्थियों को नए विचारों के आदान-प्रदान, संपर्क विकसित करने और अपने तकनीकी ज्ञान का विस्तार करने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश में आगे बढ़ने के लिए कक्षा में अर्जित ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, व्यापक दृष्टिकोण और पेशेवर नेटवर्क विकसित करना भी आवश्यक है।
IEEE GWIT स्टूडेंट ब्रांच की ओर से अब तक हासिल की गई उपलब्धियों और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी IEEE WIE एफिनिटी ग्रुप की चेयर सुश्री स्निग्धा असवाल ने साझा की। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके गोयल ने विद्यार्थियों को IEEE की विभिन्न सोसाइटी से जुड़कर तकनीकी ज्ञान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय ने स्टूडेंट ब्रांच की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी और विश्वविद्यालय में होने वाली आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी के कोऑर्डिनेटर डॉ. विशाल रमोला और महिला प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी ने भी स्टूडेंट ब्रांच के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को संगठन की गतिविधियों में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
न्यूजलेटर के दूसरे संस्करण का विमोचन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण IEEE GWIT स्टूडेंट ब्रांच के आधिकारिक ई-न्यूजलेटर के दूसरे संस्करण का विमोचन रहा। कुलपति और अन्य अतिथियों ने न्यूजलेटर जारी किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की पहल, संस्थान में आयोजित तकनीकी गतिविधियों और उपलब्धियों को सामने लाने के साथ ज्ञान साझा करने की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर स्टूडेंट ब्रांच की टी-शर्ट का भी विमोचन किया गया।
दो दिन में 24 प्रतियोगिताओं का आयोजन
‘नवरंग 2.0’ को दो दिनों में अलग-अलग सत्रों के तहत आयोजित किया गया। पहले दिन तकनीकी प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें कुल 15 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दूसरे दिन सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के तहत नौ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस तरह दोनों दिनों में कुल 24 प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी खूब रंग जमाया। छात्राओं ने गरबा और अन्य पारंपरिक कला रूपों से प्रेरित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। तकनीकी प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों ने कार्यक्रम को बहुआयामी स्वरूप दिया और भारतीय सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की।
**विजेताओं को किया सम्मानित, ‘नवरंग 3.0’ की घोषणा
समापन समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) शरद कुमार प्रधान, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, ईसीई विभागाध्यक्ष डॉ. शिल्पी मित्तल पंवार, केसी मिश्रा और डॉ. विशाल रमोला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवदुर्गा की आरती के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
IEEE GWIT स्टूडेंट ब्रांच की चेयर सुश्री आर्ची अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन ओपन स्टेज डांडिया कार्यक्रम के साथ हुआ। इस दौरान आगामी आयोजन ‘नवरंग 3.0’ की तारीख 5 से 8 अक्टूबर 2027 घोषित की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर IEEE GWIT स्टूडेंट ब्रांच के ब्रांच काउंसलर एवं ईसीई विभागाध्यक्ष केसी मिश्रा ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्टूडेंट ब्रांच के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय आयोजन की तैयारियों में विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सदस्यों ने लंबे समय तक समर्पण और मेहनत के साथ योगदान दिया।