अपराध
ज्ञान की पाठशाला में ‘जाम’ का खेल…गुरुजी ने ही सजा ली महफिल, कुमाऊं के इस स्कूल के चार विद्यार्थियों संग शराब पीते पकड़े गए अतिथि शिक्षक
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। अटल उत्कृष्ट विद्यालय में तैनात एक अतिथि शिक्षक को चार विद्यार्थियों के साथ शराब पीते हुए पकड़े जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक विद्यार्थियों को लेकर झूलाघाट स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंचा था, जहां देर रात अभिभावकों ने शिक्षक और बच्चों को शराब पीते देख लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को जामिरपानी के पास पिथौरागढ़-झूलाघाट सड़क बोल्डर गिरने के कारण बंद हो गई थी। इसी वजह से विद्यालय में तैनात अतिथि शिक्षक अजय सिंह अपने घर नहीं लौट सका। झूलाघाट में रुकने के बाद उसने रात में अपने साथ पढ़ने वाले चार विद्यार्थियों को गेस्ट हाउस बुला लिया।
काफी देर तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो उनके अभिभावकों को चिंता हुई। तलाश करते हुए वे गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां शिक्षक और बच्चे एक साथ शराब पीते मिले। मामले की सूचना तत्काल झूलाघाट कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने शिक्षक को रातभर कोतवाली में रखने के बाद अगले दिन माफीनामा लिखवाया और 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
शिक्षा विभाग भी लेगा संज्ञान
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन के स्तर पर भी कार्रवाई की बात कही गई है। पिथौरागढ़ के सीईओ तरुण कुमार पंत ने बताया कि विद्यालय में अतिथि शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों के साथ शराब पीने का मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

