Connect with us

अपराध

निकाय चुनाव की मतगणना से पहले किच्छा में बवाल, विधायक बेहड़ की तबीयत बिगड़ी; समर्थकों में धक्का-मुक्की

निकाय चुनाव की मतगणना से पहले किच्छा में बवाल, विधायक बेहड़ की तबीयत बिगड़ी; समर्थकों में धक्का-मुक्की

 

किच्छा। नगर निकाय चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद मंगलवार को किच्छा में मतपेटियां जमा कराने को लेकर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा कराने पहुंचे दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने धक्का-मुक्की और हंगामे का रूप ले लिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

 

विधायक बेहड़ के बेहोश होने से बढ़ा तनाव

 

हंगामे के दौरान कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें थप्पड़ मारा। इस आरोप के बाद मौके पर तनाव और बढ़ गया। दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए।

 

 

 

पुलिस ने संभाला मोर्चा, लाठियां फटकारीं

 

स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख पुलिस-प्रशासन ने सख्ती दिखाई। भीड़ को पीछे हटाने के लिए पुलिस बल ने लाठियां फटकारीं और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद किच्छा कोतवाली में दोनों पक्षों के लोग डटे रहे। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

किच्छा में निकाय चुनाव के बाद हुआ यह हंगामा अब सियासी और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts