अपराध
ज्योलिकोट में दूषित पानी से बीमारी पर शासन की बड़ी कार्रवाई, छह अफसरों पर गिरी गाज जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई, पांच निलंबित; एक को कड़ी चेतावनी
ज्योलिकोट में दूषित पानी से बीमारी पर शासन की बड़ी कार्रवाई, छह अफसरों पर गिरी गाज
जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई, पांच निलंबित; एक को कड़ी चेतावनी
नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति से पीलिया और डायरिया फैलने के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्र के कई गांवों में गंदे पानी की सप्लाई और इसके चलते लोगों के बीमार पड़ने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जल संस्थान और जल निगम के छह अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
शासन के आदेश के बाद जल निगम के अधिशासी अभियंता शशि पाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत, जल निगम के सहायक अभियंता संजय कुमार आर्या, जल संस्थान के एएई रविन्द्र तथा जल निगम के जेई दीपांशु शर्मा पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता पर भी कार्रवाई की गई है।
नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अनीश एम. पिल्लई को शासन की ओर से कड़ी चेतावनी दी गई है। अधिकारियों पर यह कार्रवाई ज्योलिकोट क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था में सामने आई गंभीर लापरवाही के मामले में की गई है।
बताया गया है कि ज्योलिकोट और आसपास के कई गांवों में दूषित पानी की आपूर्ति के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए। क्षेत्र में पीलिया और डायरिया के मामले सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया था। दूषित पानी से बीमारी के कारण दो लोगों की मौत होने की बात भी सामने आई है।
शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद जल संस्थान और जल निगम की कार्यप्रणाली तथा क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

