अपराध
हल्द्वानी : ग्रह-नक्षत्र का डर दिखाकर 70 वर्षीय महिला से ठगे गहने, दो युवकों ने कलेश दूर करने का झांसा देकर लूटा डेढ़ तोला सोना
हल्द्वानी : ग्रह-नक्षत्र का डर दिखाकर 70 वर्षीय महिला से ठगे गहने, दो युवकों ने कलेश दूर करने का झांसा देकर लूटा डेढ़ तोला सोना
हल्द्वानी। घर में कलेश और ग्रह-नक्षत्र की परेशानी दूर करने का झांसा देकर दो युवकों ने 70 वर्षीय महिला को अपने जाल में फंसा लिया। महिला को अपनी बातों में उलझाने के बाद आरोपित उसे सुनसान रास्ते की ओर ले गए और ग्रह-नक्षत्र का भय दिखाकर उसके गहने उतरवा लिए। बाद में महिला के पर्स से नकदी और आधार कार्ड भी ले लिया। घटना 19 अगस्त की सुबह हल्द्वानी के कालाढूंगी चौराहे के पास की बताई गई है।
उधमसिंह नगर के कुण्डेश्वरी स्थित इंद्राकालोनी निवासी 70 वर्षीय शांति जोशी के अनुसार वह बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे टेम्पू से उतरकर जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें दो युवक मिले। इनमें एक मोटा व्यक्ति काले कपड़े पहने था, जबकि दूसरा पतला युवक था। दोनों ने महिला से कहा कि उनके घर में कलेश चल रहा है और ग्रह-नक्षत्र ठीक नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि वे उनकी परेशानी दूर कर सकते हैं।
आरोप है कि दोनों युवक महिला को अपनी बातों में उलझाकर पैदल जेल रोड चौराहे की ओर ले गए। वहां उन्होंने महिला को ग्रह-नक्षत्र और अनहोनी का भय दिखाते हुए अपने प्रभाव में लिया और उसके गले से मंगलसूत्र तथा कानों के टॉप्स उतरवा लिए। महिला के अनुसार कानों के टॉप्स समेत करीब डेढ़ तोला सोने के आभूषण थे। इसके अलावा आरोपित उसका पर्स भी ले गए, जिसमें करीब 700 रुपये नकद और आधार कार्ड रखा था।
बाद में महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उसने कोतवाली हल्द्वानी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने तथा लूटे गए गहने और सामान बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है।

