अपराध
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दर्दनाक हादसा, लोहे का गर्डर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दर्दनाक हादसा, लोहे का गर्डर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की जान चली गई। फ्लाईओवर निर्माण के लिए रखे गए भारी लोहे के गर्डर अचानक खिसककर दो श्रद्धालुओं पर गिर पड़े, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास हुआ। गाजियाबाद निवासी तजु कुमार (21) और कृष्णा (22) हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। रास्ते में वे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। इसी दौरान पास में रखे भारी लोहे के गर्डरों में से एक अचानक फिसल गया और दोनों युवकों के ऊपर आ गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत टीम ने दोनों को गर्डर के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एनएचएआई के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच के निर्देश दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लाईओवर के नीचे खाली स्थान पर लोहे के गर्डर रखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि कांवड़िये उनके पास बैठे थे, तभी एक गर्डर संतुलन बिगड़ने से खिसक गया और यह हादसा हो गया। मामले में एनएचएआई से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
