उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा ताकुला के कांडे गांव में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: स्वीकृति मिलने के बावजूद ठंडे बस्ते में योजना, मंत्री को सौंपा पत्र
सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: स्वीकृति मिलने के बावजूद ठंडे बस्ते में योजना, मंत्री को सौंपा पत्र
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के ताकुला कांडे गांव के चक थलार और काण्डे क्षेत्र के निवासी लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित हैं। क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद भी कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या को पत्र सौंपकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि चक थलार और काण्डे को जेंग्जखान लिंक रोड से जोड़ने की मांग वर्षों से उठाई जा रही है। क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष के बाद सड़क निर्माण को लेकर स्वीकृति भी मिली, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अभी तक धरातल पर कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वीकृति मिलने के बाद भी योजना को लंबित रखा गया है, जिससे क्षेत्र की जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है।
ग्रामीणों द्वारा 01 जून 2026 को सौंपे गए पत्र में बताया गया कि सड़क सुविधा नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कामों, स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री की ओर से सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र जारी होने के बाद भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई न होना चिंता का विषय है। इससे जनप्रतिनिधियों की छवि प्रभावित हो रही है और जनता को केवल आश्वासन मिल रहे हैं।
इसी मामले को लेकर 13 जून 2026 को श्री जोगा राम की अध्यक्षता में ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग शामिल हुए। बैठक में ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि सड़क उनकी सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके निर्माण के लिए वह अपनी जमीन तक देने को तैयार हैं।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि अब सड़क निर्माण को लेकर किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने विधायक और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
बैठक में क्षेत्र के 34 से अधिक प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सड़क निर्माण की मांग का समर्थन किया। बैठक में प्रमुख रूप से कमल चन्द्र लोहनी, विनोद चन्द्र लोहनी, सतीश चन्द्र लोहनी, आनन्द बल्लभ लोहनी, उमेश चन्द्र लोहनी और राधा चन्द्र लोहनी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
इनके अलावा कालम राम, शंकर राम, गणेश राम, प्रमोद राम, भुवन राम, जोगा राम, पंकज कुमार, गिरीश पाठक, हेमा जठक, हरीश राम, बीना देवी, रेखा देवी, हंसा देवी, गीता देवी, अनीता देवी, पंकज, आशा आर्या, सुमन आर्या, गौरव (नायक कुमार), पंकज कुमार, अभिनय कुमार, पंकज कुमार आर्या, भावना देवी, प्रेमा देवी, चारु आर्या, सानिया आर्या, रेखा देवी और गीता देवी सहित दर्जनों ग्रामीण बैठक में शामिल रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और जल्द से जल्द शिलान्यास कर कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही कनेक्टिविटी की समस्या का समाधान अब प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपनी मांग को लेकर आगे की रणनीति तय करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल सुविधा नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास और लोगों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
