Uncategorized
हल्द्वानी:कार सवार युवकों की दबंगई, चाय का ठेली लगाने वाली महिला से पहले की बदसलूकी; फिर उतार दिए अपने कपड़े
हल्द्वानी: हल्द्वानी के रामपुर हाईवे पर डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर चाय-पान का ठेली लगाने वाली महिला से कार सवारों ने बदसलूकी की।
युवकों ने महिला के सामने अपने कपड़े उतारकर दुकान का सामान फेंक दिया। जाते समय गोली मारने की धमकी दे गए। पुलिस ने प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नशे की हालत में उनकी दुकान पर पहुंचे सात-आठ युवक
सीएमटी कालोनी हल्द्वानी निवासी कमला पांडे ने पुलिस को बताया कि वह डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के आगे सड़क किनारे चाय-पान का ठेली लगाती है। 22 मार्च की देर रात साढ़े 12 बजे कार में सात-आठ युवक उनकी दुकान पर नशे की हालत में पहुंचे। युवकों ने सामान देने को कहा।
पैसों की मांग करने लगे व विरोध करने पर गालीगलौज की
इसके बाद सारा सामान फेंकना शुरू कर दिया और पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर गालीगलौज की। एक युवक ने अपने कपड़े उतारना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि एक आरोपित का नाम राजा डसीला है, जो पूर्व सीएमटी कालोनी में रहता था।
पूरी घटना अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद
दूसरे का नाम धवल पाठक है। कार सवार युवकों ने जाते समय कल फिर आकर बंदूक से गोली मारने की धमकी दी। पूरी घटना अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है।
आरोपितों पर लूट, मारपीट, गालीगलौज व धमकी की धाराओं में प्राथमिकी
कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपितों पर लूट, मारपीट, गालीगलौज व धमकी की धाराओं में प्राथमिकी की है।
इधर, जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी भूपाल पनेरु का कहना है कि 22 मार्च को क्षेत्र में रहने वाले नीरज गढ़िया ने उनके घर में घुसकर महिलाओं से गालीगलौज की। जब वह अपनी दुकान पर थे तो नीरज ने उनके सिर में हेलमेट से हमला किया। पुलिस ने आरोपित नीरज पर प्राथमिकी कर ली है।
