Connect with us

Uncategorized

मसूरी में जोरदार वर्षा से लौटी ठंड,आज अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट

खबर शेयर करें -

 देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडराने के साथ बौछारें भी पड़ रही हैं। गुरुवार को मसूरी में एक घंटे हुई जोरदार वर्षा से ठंड लौट आई। जबकि, दून में शाम को आंधी ने दुश्वारियां बढ़ाई। आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा, चोटियों पर हिमपात की आशंका जताई है। साथ ही निचले क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।

लगातार करवट बदल रहा उत्तराखंड में मौसम

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते इन दिनों उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार रुक-रुककर वर्षा का क्रम जारी है। गुरुवार को सुबह से धूप खिलने के बाद दोपहर में मौसम का मिजाज बदला और ज्यादातर क्षेत्रों में बादल घिर आए।

दून में शाम को आंधी ने दुश्वारियां बढ़ाईं

देहरादून और मसूरी में घने बादलों के बीच शाम को कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। दून में शाम को आंधी ने दुश्वारियां बढ़ाईं। सड़कों पर धूप के गुबार उठने के साथ ही कई जगह पेड़ाें की टहनियां टूट गईं व फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा।

अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। जबकि, शुक्रवार को प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और मैदानों में अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मसूरी में झमाझम वर्षा

गुरुवार को दोपहर बाद मसूरी, धनोल्टी, बुरांशखंडा में एक घंटा मेघ जमकर बरसे। वर्षा के साथ ओले गिरने से  ठंड लौट आई। मसूरी के समीपवर्ती यमुना घाटी व अगलाड़ घाटी में भी वर्षा होने से काश्तकारों ने राहत महसूस की है।

18 और 19 मार्च को रुड़की में गरज के साथ बारिश का अनुमान

रुड़की में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। वहीं, अन्य दिनों की तुलना में धूप की चमक भी हल्की रही। शहर के अलावा आसपास के देहात क्षेत्र में भी इसी प्रकार का मौसम बना रहा।

शहर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च तक मध्यम से घने बादल छा सकते हैं। वहीं, 18 और 19 मार्च को कुछ स्थानों पर बिजली और ओले गिरने के साथ ही गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts