Connect with us

Uncategorized

Ankita Murder Case : अंकिता भंडारी की मां की तबीयत बिगड़ी, आइसीयू में किया भर्ती

श्रीनगर गढ़वाल: Ankita Murder Case : अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी अपनी बेटी के जाने के गम से उबर नहीं पा रही हैं। गुरुवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर स्वजन उन्हें लेकर बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचे।

बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. रविंद्र सिंह बिष्ट ने तुरंत अंकिता की मां की रक्त से संबंधित सभी जांचों के साथ ही अन्य जांचें भी कराई। सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत पर डा. बिष्ट ने उनका सीटी स्कैन भी कराया।

आइसीयू में भर्ती किया गया

चिकित्सा अधीक्षक डा. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि सभी जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई। उनका ब्लड प्रेशर फ्लक्चुएड पाया गया। मानसिक तनाव के कारण बीपी फ्लक्चुएड की यह समस्या होनी प्रतीत हुई है। डा. बिष्ट ने कहा कि उन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया है।

कांग्रेस नेता और प्रदेश के पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत और उनकी पुत्रवधु अनुकृति गुसाईं रावत ने भी बेस अस्पताल पहुंचकर अंकिता की मां सोनी देवी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इससे पूर्व डा. हरक सिंह रावत और अनुकृति गुसाईं रावत ने अंकिता के गांव डोभ श्रीकोट पहुंचकर उनके स्वजन से मिलकर उन्हें ढांढस भी बंधाया।

जो लोग इंसान को इंसान नहीं समझते, उन्हें मिलनी चाहिए कड़ी सजा

पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेसी नेता डा. हरक सिंह रावत व उनकी बहू अनुकृति गुसांई गुरुवार को पौड़ी के श्रीकोट गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतका अंकिता भंडारी के स्वजन से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

पूर्व मंत्री ने कहा कि जो लोग पैंसा और पावर के बल पर इंसान को इंसान नहीं समझते हैं, उनको कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक दुखद घटना है। जिसका दुख पूरे उत्तराखंड को है।

कांग्रेसी नेता अनुकृति गुसांई ने कहा कि अंकिता हत्याकांड पूरे उत्तराखंड के लिए दुर्भाग्य पूर्ण घटना है। कहा कि आज अंकिता हमारे बीच नहीं है। राज्य में कई बेटियां ऐसी हैं जो कुछ करना चाहती हैं।

अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं। कहा कि उन्होंने अंकिता के पिता से भी यही कहा कि आज लड़ाई सिर्फ अंकिता के लिए नहीं, बल्कि हर एक बेटी के लिए लड़नी है। ताकि किसी के साथ ऐसा न हो।

पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं : अनुकृति गुसांई

अनुकृति गुसांई ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। कहा कि उत्तराखंड देवभूमि हैं। ऐसी घटनाओं को बढ़ावा न मिले। इसके लिए सबको एक साथ आगे आना होगा।

लैंसडौन क्षेत्र में भीषण वाहन दुर्घटना पर उन्होंने कहा कि 22 सालों से मातृ शक्ति निरंतर सड़क, चिकित्सा व्यवस्था बेहतर करने की मांग कर रही है। लेकिन, कुछ नहीं हुआ।

लैंसडौन की सड़कों का किस्सा किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने वाहन दुर्घटना पर गहरा दुख भी व्यक्त किया। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, कोट के पूर्व क्षेत्र प्रमुख नवल किशोर आदि शामिल रहे।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts