Uncategorized
अब इनकम टैक्स का छापा: रियल एस्टेट डेवलपर के ठिकानों से 56 करोड़ नकद, 32 किलो सोना मिला
मुंबई। आयकर विभाग ने महाराष्ट्र के जालना में एक स्टील, कपड़ा व्यापारी और रियल एस्टेट डेवलपर के परिसरों से लगभग 100 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति जब्त की है। जिसमें 56 करोड़ रुपये नकद, 32 किलोग्राम सोना, हीरे-मोती और संपत्ति के कागजात शामिल हैं। इतनी भारी नकदी की गिनती में 13 घंटे से अधिक लग गए। बता दें कि आयकर विभाग ने यह कार्रवाई 1 से 8 अगस्त के बीच की है। हालांकि, अभी और भी जगह छापेमारी चल रही है।
इस कार्रवाई में 250 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। आयकर विभाग ने अपनी टीम को पांच अलग-अलग भागों में बांट रखा था और छापेमारी के लिए 100 से ज्यादा गाड़ियों का इस्तेमाल किया। कपड़ा और स्टील कारोबारी के घर से मिले कैश को जालना के ही स्थानीय स्टेट बैंक की शाखा में ले जाकर गिना गया। बुधवार सुबह 11 बजे से कैश गिनने का काम शुरू हुआ और रात करीब एक बजे तक कैश गिनने का काम खत्म हुआ।
