अपराध
सिक्किम एनएचपीसी टनल हादसे में उत्तराखंड के युवा इंजीनियर की मौत, पीपलकोटी क्षेत्र में शोक की लहर
सिक्किम एनएचपीसी टनल हादसे में उत्तराखंड के युवा इंजीनियर की मौत, पीपलकोटी क्षेत्र में शोक की लहर
उत्तरकाशी/पीपलकोटी। सिक्किम में निर्माणाधीन एनएचपीसी (NHPC) की टनल परियोजना में हुए दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र के गुणियाला गांव निवासी 32 वर्षीय प्रवीन नेगी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रवीन नेगी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने करियर की शुरुआत एचसीसी की मायापुर-पीपलकोटी परियोजना से की थी। इसके बाद उन्होंने रेलवे और अन्य निर्माण परियोजनाओं में अपनी सेवाएं दीं। पिछले कुछ समय से वह सिक्किम स्थित एनएचपीसी की सुरंग परियोजना में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे। सहकर्मियों के अनुसार, वे मेहनती, मिलनसार और अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित थे।
प्रवीन नेगी की असमय मौत की खबर उनके पैतृक गांव गुणियाला और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचते ही शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस होनहार युवा इंजीनियर को श्रद्धांजलि दे रहा है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंग परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और अधिक प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन और परियोजना प्रबंधन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
