उत्तराखण्ड
नैनीताल समेत छह जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट, 25 जुलाई तक बिगड़े रहेंगे मौसम के मिजाज
नैनीताल समेत छह जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट, 25 जुलाई तक बिगड़े रहेंगे मौसम के मिजाज
हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। विभाग का कहना है कि 25 जुलाई तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका बनी रहेगी।
नैनीताल जिले में विशेष सतर्कता की सलाह
नैनीताल जिले में भारी बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों और चारधाम तथा कुमाऊं क्षेत्र की ओर जाने वाले पर्यटकों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देहरादून के तापमान में आई गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। देहरादून का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
