Connect with us

अपराध

बाइक के पहिये में दुपट्टा फंसने से महिला की मौत, मंदिर से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

बाइक के पहिये में दुपट्टा फंसने से महिला की मौत, मंदिर से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

 

किच्छा। मंदिर से दर्शन कर बेटे के साथ घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बाइक के पिछले पहिये में दुपट्टा फंसने से महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

 

 

 

जानकारी के अनुसार, उधमसिंह नगर जिले के किच्छा नगर पालिका के वार्ड-5 निवासी 50 वर्षीय रमा पत्नी स्वर्गीय सुरेश शनिवार दोपहर अपने बेटे के साथ बाइक से मंदिर से लौट रही थीं। पुलभट्टा क्षेत्र के पास अचानक उनका दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया। इससे वह संतुलन खो बैठीं और सिर के बल सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव हुआ।

 

 

 

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले किच्छा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

परिजनों ने बताया कि रमा अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले लोगों से अपील की है कि सफर के दौरान दुपट्टा या ढीले कपड़ों का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts