Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

Uttarakhand Weather : पहाड़ में बारिश शुरू, 4 मई तक राहत, आंधी पानी एक साथ, जानें मौसम अपडेट्स

खबर शेयर करें -

देहरादून. उत्तराखंड में कई जगहों पर मौसम में तब्दीली देखी जा रही है और उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में पहाड़ में गर्मी से राहत मिल सकती है. रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चमोली ज़िले में हल्की बारिश दर्ज की गई, तो उत्तरकाशी में भी अचानक मौसम बदला और आंधी तूफान के हालात बन गए. इधर मौसम को लेकर अनुमान है कि 4 मई तक उत्तराखंड में गर्मी से राहत का मौसम रह सकता है. इस दौरान कई स्थानों पर बारिश, ओलावृष्टि और आंधी तूफान चल सकता है. बिजली गिरने का भी अलर्ट है.

वास्तव में, पिछले करीब 8 दिनों से हिमालयी राज्यों में पारा लगातार चढ़ता दिखा है. कुछ ही जगहों पर बूंदाबांदी या बौछार भी बीच बीच में होती रही. अब 4 मई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो भूमध्य सागर में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के राज्यों में शुक्रवार यानी 29 अप्रैल से ही मौसम में तब्दीलियां शुरू होती दिखी हैं, जो अगले करीब एक हफ्ते तक बरकरार रह सकती हैं.

कैसे बदला उत्तराखंड में मौसम?
रुद्रप्रयाग में लंबे इंतज़ार के बाद शुक्रवार को हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है, वहीं जंगलों में लगी भीषण आग और आग से चारों तरफ फैले धुएं पर भी बारिश ने करम किया. हालांकि कुछ मिनटों की ही हल्की बारिश हुई लेकिन आसमान में काले बादल छाए रहे. इधर, व्यापारी भी इस बारिश को चारधाम यात्रा के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं. उधर, उत्तरकाशी में भी मौसम अचानक बदला.

उत्तरकाशी  ज़िले के मोरी ब्लॉक के ग्राम सभा जखोल में तेज़ आंधी तूफान से एक तिमंज़िला भवन को नुकसान हुआ. हवाएं इतनी तेज़ रफ्तार से चलीं कि बांज का पेड़ गिरने से एक भवन क्षतिग्रस्त हो गया. पूरे उत्तरकाशी में कई जगह तेज़ हवाएं चलने की खबरें रहीं. 

बागेश्वर में शुक्रवार शाम बारिश वन विभाग के लिए वरदान साबित हुई. जंगलों में लगी आग बुझ गई जिसे बुझाने में विभाग के पसीने छूट रहे थे. साथ ही, लोगों को धुआं मिश्रित धुंध से भी राहत मिली.

अब कैसा रहेगा उत्तराखंड में मौसम?
वेदर चैनल की रिपोर्ट की मानें तो हल्की बारिश और आंधी तूफान की स्थितियां अगले तीन दिन रहने वाली हैं और कहीं कहीं तेज़ या ओले वाली बारिश के आसार अगले चार दिन भी कुछ स्थानों पर हो सकती है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts