Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

उत्‍तराखंड : मथुरा से दुल्‍हन लेने आए थे बराती, हरिद्वार में हुए तेज रफ्तार कार के शिकार, दो की मौत

खबर शेयर करें -

 हरिद्वार। मथुरा से दुल्‍हन लेने के लिए बरात के साथ दो युवक हरिद्वार पहुंचे थे, लेक‍िन क्‍या पता था कि ये उनके जीवन का आखिरी सफर होगा। शुक्रवार देर रात हरिद्वार में कार की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।

चालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर

जानकारी के मुताबिक हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में हाईवे पर खड़े होकर रात के समय बात कर रहे दो बरातियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चालक अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

श्यामसुंदर भवन में ठहरी थी बरात

पुलिस के मुताबिक, मथुरा से एक बरात शुक्रवार शाम कनखल आई थी। बरात दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बने श्यामसुंदर भवन में ठहरी थी। रात के समय राजाबाबू वर्मा व महेश वर्मा निवासीगण चौक बाजार, भरतपुर गेट, थाना कोतवाली, जिला मथुरा हाईवे किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। उस वक्‍त रात के करीब 12 बज रहे थे।

मौके पर ही दोनों की मौत

बताया गया क‍ि जिस कार से यह हादसा हुआ वह देहरादून की ओर से आ रही थी। टक्‍कर इतनी भीषण थी क‍ि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कनखल थाना प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया क‌ि मुकदमा दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।

दुर्घटना में बाइक सवार दंपती घायल

ऋषिकेश देहरादून मार्ग स्थित स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक पर बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।

शुक्रवार सुबह देवप्रयाग निवासी धीरज कुमार अपनी पत्नी शर्मिला देवी के साथ बाइक से देहरादून की ओर जा रहे थे। स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक के पास सामने से आ रही एक बस ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। उनकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized