Connect with us

अपराध

अपडेट : भवाली में भीषण हादसे में पांच की मौत….ये रहे मृतकों के नाम… पति-पत्नी बेटा बेटी,  एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

अपडेट : भवाली में भीषण हादसे में पांच की मौत….ये रहे मृतकों के नाम… पति-पत्नी बेटा बेटी,  एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

भवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

 

 

जानकारी के अनुसार दुर्घटना 21 मई 2026 को अपराह्न करीब 2:15 बजे हुई। महिंद्रा कार (वाहन संख्या UP 32 QU 1874) ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे और सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

हादसे में मृतकों की पहचान खटीमा निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा पुत्र दया सागर मिश्रा निवासी अफसर नगर, एलपीजी गोदाम, आलम नगर, लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई।

 

 

घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, SDRF और SSB की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस और SDRF टीम ने सभी शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घटनास्थल पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts