उत्तराखण्ड
दौरा तय : 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे प्रधानमंत्री, कई योजनाओं की देंगे सौगात
दौरा तय : 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे प्रधानमंत्री, कई योजनाओं की देंगे सौगात
14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे प्रधानमंत्री, कई योजनाओं की देंगे सौगात
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है, जो समय-समय पर उनके दौरे में भी झलकता है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, करीब पांच महीने बाद प्रधानमंत्री एक बार फिर उत्तराखंड आ रहे हैं। इससे पहले वह 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में शामिल हुए थे। उस दौरान देहरादून स्थित एफआरआई परिसर में उन्होंने राज्य के विकास को गति देने के लिए 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। साथ ही “विकसित उत्तराखंड” के विजन को आगे बढ़ाते हुए वेडिंग डेस्टिनेशन, ‘एक जिला एक मेला’ जैसे महत्वपूर्ण मंत्र भी दिए थे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेशवासियों में खासा उत्साह है। इस दौरान देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे समेत कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सीमांत क्षेत्रों के गांवों में जाकर प्रवास किया। उन्होंने चमोली जिले के माणा गांव, उत्तरकाशी के मुखवा और पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों का दौरा कर इन स्थानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।