अपराध
सनसनी : अवैध संबंध के चलते पत्नी ने नाबालिग बेटी संग मिलकर की पति की हत्या, आत्महत्या का रचा नाटक
सनसनी : अवैध संबंध के चलते पत्नी ने नाबालिग बेटी संग मिलकर की पति की हत्या, आत्महत्या का रचा नाटक
हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मृत मिले ग्रामीण की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर उसकी हत्या की और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। मामले में महिला के प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच जारी है।
मायापुर स्थित कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि दो अप्रैल को पूजा निवासी लाहड़पुर अपनी बेटी के साथ कोतवाली पहुंची थी और सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक जांच कराई गई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और गहन जांच शुरू की गई।
इसी दौरान मृतक बबलू के भाई राजू की तहरीर पर पूजा, उसकी नाबालिग बेटी और बिजनौर के कोहरपुर मंडावर निवासी मोंटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी और उनकी टीम ने परिवार के अन्य सदस्यों और बच्चों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि बबलू के बेटे ने बताया कि उसकी मां पूजा और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना में इस्तेमाल सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, शराब पीने के लिए इस्तेमाल स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया भी बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका बिजनौर निवासी मोंटी के साथ अवैध संबंध था, जबकि उसकी नाबालिग बेटी का भी एक युवक से प्रेम प्रसंग था। इसका पता चलने पर बबलू शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मां-बेटी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
एक अप्रैल की रात महिला ने पहले बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। जब वह गहरी नींद में सो गया तो दोनों ने मिलकर उसके हाथ-पैर दुपट्टों से बांध दिए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया और कमरे को बंद कर दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
अगली सुबह पूजा ने कहानी गढ़ते हुए बताया कि रात में झगड़े के बाद बबलू कहीं चला गया था और बाद में लौटकर उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस की जांच में पूरा मामला खुल गया और सच्चाई सामने आ गई। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
