अपराध
शातिराना : सोने वाला हीटर लेकर घूम रहा था चोर, सोने के पंखे की ही हवा भी खा रहा था… पुलिस ने धर लिया
पंखे और हीटर में छुपा रखा था लाखों का सोना, लालकुआं में शातिर चोर गिरफ्तार
लालकुआं क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने चोरी के जेवरों को छुपाने के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया था। आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषणों को पंखे और हीटर के अंदर फिट कर इधर-उधर ले जाता था, ताकि पुलिस और लोगों की नजरों से बचा रहे। पुलिस ने उसके पास से करीब 35 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से बंद पड़े मकानों को निशाना बना रहा था। वह पहले दिन में इलाके की रेकी करता और फिर रात के समय सूने घरों के ताले तोड़कर जेवर और कीमती सामान चोरी कर लेता था। चोरी के बाद गहनों को सीधे बेचने के बजाय वह उन्हें पंखेनुमा हीटर और पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान के भीतर छुपाकर रखता था।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बिन्दुखत्ता निवासी एक महिला ने घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। कई दिनों तक चली जांच और सर्विलांस के बाद पुलिस को संदिग्ध की जानकारी मिली।
23 मई को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। जांच के दौरान जब उसके पास रखे हीटर की तलाशी ली गई तो पुलिस दंग रह गई। हीटर की निचली प्लेट के अंदर बड़ी मात्रा में सोने के हार, चेन, अंगूठियां और अन्य जेवर छुपाकर रखे गए थे।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पिछले साल लालकुआं क्षेत्र में हुई दो अन्य चोरी की वारदातों को भी अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप निवासी बहेड़ी, बरेली के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि बरामद किए गए आभूषणों की पहचान पीड़ितों द्वारा कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
