Connect with us

Uncategorized

भवाली नैनीताल रोड पर कार खाई में गिरे मृतक की हुई पहचान, कई सवाल अनसुलझे

नैनीताल : भवाली नैनीताल मार्ग पर देर रात दुर्घटनाग्रस्त टवेरा वाहन में जान गवाने वाले युवक की पहचान हल्द्वानी ब्लॉक रोड निवासी ललित आर्य के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के स्वजनों को घटना की सूचना दे दी है। जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई जा रही है।

वाहन दुर्घटना को लेकर एक नई कहानी सामने आई है। अब तक पुलिस जिस युवक को वाहन चालक समझ रही थी, वाहन स्वामी ने इस बात को नकार दिया है। वाहन स्वामी का कहना है कि रात को वह वाहन चला रहे थे। हादसे के बाद कूद कर उन्होंने अपनी जान बचाई। जिसके बाद वह सूचना अपने भाई को देकर घर चले गए।

शनिवार रात करीब 10:00 बजे तल्लीताल पुलिस को भवाली रोड पर जोखिया के समीप एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे रेस्क्यू अभियान चलाने के बाद पुलिस को गहरी खाई में क्षतिग्रस्त टवेरा वाहन संख्या यूके 04-टीबी-0051 के पास एक शव भी बरामद हुआ। जिसे पुलिस वाहन का चालक समझ रही थी।

मृतक के पास से एक बैग बरामद हुआ मगर उसमें कोई दस्तावेज नहीं होने के कारण रात को शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। जिस पर पुलिस ने 108 की माध्यम से शव को बीडी पांडे स्थित मोर्चरी में रखवा दिया। इधर रविवार सुबह पुलिस ने पूछताछ के आधार पर शव की शिनाख्त हल्द्वानी ब्लॉक रोड निवासी ललित आर्य के रूप में की है। तल्लीताल एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि मृतक के स्वजनों को घटना की सूचना दे दी है।

नई कहानी आई सामने, स्वामी ने कहा वह चला रहे थे वाहन

रात को क्षतिग्रस्त वाहन के समीप युवक का शव मिलने के बाद तल्लीताल पुलिस उसे ही वाहन का चालक समझ रही थी। इधर रविवार सुबह जब वाहन स्वामी भवाली निवासी प्रमोद चंद्र पांडे से इस संबंध में बात की गयी तो उन्होंने बताया कि शनिवार को ललित उनका वाहन लेकर लेक टूर पर गया था। शाम को वह नैनीताल लौट आया था। रात करीब 9:15 बजे वह और ललित वाहन से भवाली की ओर लौट रहे थे। इस दौरान वाहन वह चला रहे थे, जबकि ललित उनकी बगल की सीट पर बैठा था।

अचानक पहाड़ी की ओर से आ गया तेंदुआ

जोखिया के समीप अचानक पहाड़ी की ओर से एक तेंदुआ सड़क पर कूद गया। जिसे बचाने के दौरान उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई की ओर उतर गया। वाहन खाई की ओर जाता दे वह वाहन से कूद गए। जिसमें उनके पैर में मामूली चोटें आई हैं। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी अपने भाई को दी और वह घर चले गए। इधर एसओ तल्लीताल ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं होने की बात की है। उन्होंने कहा कि वाहन कौन चला रहा था यह जांच का विषय है। जांच के बाद ही सही तथ्यों का खुलासा हो पाएगा।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts