Connect with us

Uncategorized

नदी में डूबने से तुलाज इंस्टीट्यूट के छात्र की मौत, उत्‍तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का था रहने वाला

देहरादून: दोस्तों के साथ नहाने के लिए गए छात्र की टौंस नदी में डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 17 वर्षीय हिमांशु निवासी सेदनकलां, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। झाझरा पुलिस चौकी के इंचार्ज संदीप पंवार ने बताया कि बुधवार शाम को तुलाज इंस्टीट्यूट के पीछे डब्ल्यूएचओ कालोनी से गुजर रही टौंस नदी में एक छात्र के डूबने की सूचना मिली।

हिमांशु के डूबने की पूरी घटना की बनी लाइव वीडियो

छात्र को नदी से निकालकर ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ करने पर पता चला कि हिमांशु अपने छह दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था। नहाने गए अधिकतर छात्र ऐसे थे, जिन्हें तैरना नहीं आता था। कुछ छात्र इंस्टीट्यूट आ गए, जबकि हिमांशु आगे-आगे जाकर नहाने लगा। देखते ही देखते वह डूब गया। हिमांशु के डूबने की पूरी घटना की लाइव वीडियो बनी है। हिमांशु तुलाज इंस्टीट्यूट में बीटेक फर्स्ट इयर का छात्र था। उसने एक महीने पहले ही यहां प्रवेश लिया था और उसके पिता का मुजफ्फरनगर में राशन का डिपो है।

हिमांशु को था रील बनाने का शौक

चौकी इंचार्ज ने बताया कि हिमांशु को इंस्टाग्राम पर रील बनाने का काफी शौक था। वह इंस्टीट्यूट में रील बनाता था। हिमांशु ने अपने दोस्त को अपना मोबाइल दिया और नहाने के दौरान का वीडियो बनाने को कहा था। हिमांशु के साथ गए छात्रों ने वह वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया है, जिसमें हिमांशु डूब रहा है।

खनन क्षेत्रों में डूबने का अधिक खतरा

बताया जा रहा है कि जिस जगह छात्र डूबा, वहां पर इन दिनों खनन चल रहा है। इस जगह पर किसी ठेकेदार ने खनन पट्टा लिया हुआ है। मशीन चलने के कारण नदी में कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात होने पर पानी बढ़ा तो यहां गड्ढों का पता नहीं चल पाया। इन्हीं गड्ढे में जाकर हिमांशु डूबा।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts