Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

Uttarakhand में कौन होगा मुख्‍यमंत्री, देहरादून में शांति; दिल्ली में रही हलचल

खबर शेयर करें -

 देहरादून। मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भाजपा में चल रही माथापच्ची का केंद्र दिल्ली में होने के कारण मंगलवार को देहरादून में राजनीतिक माहौल शांत रहा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पिछले छह दिनों से बनी रौनक सीमित दिखी। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री संगठन की दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात को लेकर चर्चा तो होती रही, लेकिन मीडिया से कोई कुछ भी खुलकर बोलने से बचता रहा।

विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर चुकी भाजपा में चुनाव परिणाम आने के दिन से ही उत्साह है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में यह 10 मार्च से निरंतर दिख भी रहा है। तब से प्रतिदिन निर्वाचित विधायकों के पहुंचने का क्रम बना हुआ है। इस दौरान आतिशबाजी, नारेबाजी भी खूब हो रही है। इस दृष्टिकोण से मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में शांति रही।

यद्यपि निर्वाचित विधायक दुर्गेश्वरलाल व राजकुमार पोरी प्रदेश कार्यालय पहुंचे और प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट समेत अन्य नेताओं से मुलाकात की। मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी हुआ, लेकिन बीते दिनों जैसी गहमागहमी नहीं थी।

असल में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार मंगलवार सुबह दिल्ली पहुंचे। उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, गृह मंत्री अमित शाह समेत नेताओं से मुलाकात भी हुई।

उन्होंने वर्तमान परिदृश्य के मद्देनजर केंद्रीय नेताओं को फीडबैक दिया। साथ ही अन्य विषयों को लेकर चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि मंगलवार को राज्य विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर ही केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा हुई।

ऐसे में दिल्ली की यह हलचल देहरादून में पार्टी नेताओं व कार्यकत्र्ताओं के बीच दिनभर ही चर्चा के केंद्र में रही। कोई धामी को ही फिर से कमान सौंपने की बात कर रहा था तो कोई यह कहने से नहीं चूक रहा था कि नेतृत्व चौंका भी सकता है। सबके अपने तर्क व दावे थे।

लोकसभा अध्यक्ष से मिले अग्रवाल

निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने भाजपा को दो-तिहाई बहुमत मिलने और अग्रवाल के चौथी बार निर्वाचित होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी। दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड के राजनीतिक परिदृश्य समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई।

दिल्ली पहुंचे भाजपा के कुछ निर्वाचित विधायक

भाजपा के निर्वाचित विधायकों का भी दिल्ली पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। मंगलवार को निवर्तमान मंत्री अरविंद पांडेय, निर्वाचित विधायक उमेश शर्मा काऊ, मुन्ना सिंह चौहान, प्रमोद नैनवाल, मोहन सिंह बिष्ट ने दिल्ली जाकर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में हाजिरी दी। इन विधायकों ने राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी से भी मुलाकात की।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts