Connect with us

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने दन्या में जनसभा को किया संबोधित, क्षेत्र के विकास हेतु की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं, धामी हमेशा धामों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

खबर शेयर करें -

*मुख्यमंत्री ने दन्या में जनसभा को किया संबोधित, क्षेत्र के विकास हेतु की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं*

 

धामी हमेशा धामों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

 

*राजकीय महाविद्यालय दन्या में नवनिर्मित भवन का का किया लोकार्पण, 495.88 लाख रुपये की लागत से तैयार भवन से छात्रों को मिलेंगी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं*

 

मुख्य घोषणाएं

 

* शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण किया जाएगा।

* चमतोला खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा।

* राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

* जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जाएगा।

* प्रेम मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

* खेती जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक मोटर मार्ग बनाया जाएगा।

* राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण किया जाएगा।

 

दन्या, अल्मोड़ा,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के समस्त क्षेत्रों का समेकित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास एवं समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखण्ड भी तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के माध्यम से वहां विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ ही धाम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धामी हमेशा धामों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तुष्टिकरण की राजनीति के कारण मंदिरों के विकास कार्यों से परेशान हैं, जबकि उत्तराखण्ड की आत्मा उसके धामों में बसती है और राज्य सरकार इनके संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत मेलों और स्थानीय सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है, जिससे स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और प्रदेश आर्थिक रूप से लगातार मजबूत हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ फिल्म अनुकूल राज्य (मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट) बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नक़ल विरोधी कानून के माध्यम से युवाओं का पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं में विश्वास पुनः स्थापित हुआ है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध राज्य सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कट्टरवादी ताकतों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई है। अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई तथा ऑपरेशन कालनेमि के माध्यम से पाखंड फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जोड़ी उत्तराखंड के विकास के लिए तन मन से जुटी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान डबल इंजन की सरकार प्रदेश का समग्र विकास कर रही है। कहा कि हमारा उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य बनेगा। इसका लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है।

इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह महरा द्वारा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित लगभग 40 प्रस्तावों की सूची मुख्यमंत्री को सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावों का परीक्षण कर अधिकांश मांगों को विकास योजनाओं में सम्मिलित करने का प्रयास किया जाएगा।

जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला अध्यक्ष महेश नयाल,विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, प्रदेश मंत्री गौरव पांडे,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, पूर्व प्रमुख नरेंद्र बिष्ट, नीरज पंत, तारा मेहरा,डीके जोशी, हरीश दर्मवाल,मुकुल पंत, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts