Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

प्रदेश भाजपा संगठन में होगा बदलाव, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार देहरादून, मुख्यमंत्री धामी जाएंगे दिल्ली

खबर शेयर करें -

देहरादून : प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट से पार्टी में हलचल होने लगी है। माना जा रहा कि बदली परिस्थितियों में प्रदेश अध्यक्ष पद पर पार्टी बदलाव कर सकती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के लिए विधानसभा सीट का चयन होना है तो महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कुछ अन्य पदों पर नई नियुक्तियां भी की जानी हैं।

इस कड़ी में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम के शनिवार के देहरादून दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अलग से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा कि वह इन विषयों पर बातचीत कर केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे।

पार्टी संगठन में कुछ पदों पर होनी हैं नई नियुक्तियां

विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद यह माना जा रहा था कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक को सरकार में मंत्री पद दिया जाएगा और अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

अब पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा चल रही है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बदलने जा रही है। तर्क दिया जा रहा है कि धामी सरकार में तीन मंत्री पद रिक्त रखे गए हैं और हरिद्वार जिले को कोई मंत्री पद नहीं दिया गया है। ऐसे में कौशिक को मंत्री बनाकर हरिद्वार जिले को साधने का प्रयास किया जा सकता है।

यही नहीं, पार्टी संगठन में कुछ पदों पर नई नियुक्तियां होनी हैं। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष के दो पद पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बनने और कुसुम कंडवाल के महिला आयोग की अध्यक्ष बनने से रिक्त हुए हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष का एक पद पहले से खाली है। प्रदेश महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी नई नियुक्ति होनी है। यह पद मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के विधानसभा अध्यक्ष बनने के कारण रिक्त हुआ है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री धामी को छह माह के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना है। वह कौन सी सीट से चुनाव लड़ेंगे, पार्टी का कोई विधायक उनके लिए सीट खाली करेगा या फिर पार्टी विपक्ष के किसी विधायक को इसके लिए तैयार करेगी, इस सबको लेकर कई दिनों से चर्चाओं का बाजार गर्म है। भाजपा के कुछ विधायकों के अलावा कांग्रेस के एक विधायक की ओर से मुख्यमंत्री के लिए सीट छोडऩे की पेशकश के बाद यह चर्चा अधिक तेज हुई है।

इस परिदृश्य के बीच भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम के शनिवार दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यद्यपि, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश प्रभारी का यह रूटीन दौरा है। उधर, दिल्ली प्रवास से प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी देहरादून लौट आए हैं।

मुख्यमंत्री धामी आज जाएंगे दिल्ली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब शनिवार सुबह 11 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शाम चार बजे वह गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति की ओर से राजघाट में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उपचुनाव के लिए सीट के निर्धारण, प्रदेश संगठन में बदलाव जैसे विषयों पर बातचीत कर सकते हैं।

इससे पहले शुक्रवार को दोपहर में अचानक कार्यक्रम बना कि मुख्यमंत्री देर शाम को दिल्ली रवाना होंगे, लेकिन फिर इसे स्थगित कर दिया गया। शाम को मुख्यमंत्री कार्यालय से जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री अब शनिवार को दिल्ली जाएंगे।

24 को संगठन की समीक्षा करेंगे संतोष

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष 24 अप्रैल को देहरादून आ रहे हैं। इस दौरान वह प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ संगठन की समीक्षा के साथ ही अलग -अलग विषयों पर मंथन करेंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने संतोष के प्रस्तावित दौरे की पुष्टि की।

साथ ही कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन का हर तीन माह में प्रांत प्रवास का कार्यक्रम तय होता है। वह रूटीन प्रवास पर यहां आ रहे हैं। गौरतलब है कि पूर्व में चार अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन का देहरादून आने का कार्यक्रम बना, लेकिन तब रायवाला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चिंतन बैठक के मद्देनजर वह देहरादून नहीं आ पाए थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts