Uncategorized
रूसी सेना का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को आपूर्ति प्रदान करेगा नाटो, भेजेगा परमाणु और केमिकल सुरक्षा उपकरण
एएनआइ। नाटो महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने बुधवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि नाटो यूक्रेन को परमाणु, रासायनिक और जैविक खतरों का मुकाबला करने के लिए आपूर्ति प्रदान करेगा। यह टिप्पणी गुरुवार को होने वाले प्रमुख नाटो शिखर सम्मेलन से पहले आई है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी शामिल होने वाले हैं।
कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक, गठबंधन यूक्रेन को साइबर सुरक्षा उपकरण और रासायनिक, जैविक, रेडियोलाजिकल और परमाणु खतरों से बचाने के लिए आपूर्ति प्रदान करने के लिए सहमत है। प्रेस वार्ता के दौरान जेन्स ने उन निर्णयों के बारे में बात की जो आगामी नाटो शिखर सम्मेलन में लिए जा सकते हैं, जिसमें यूक्रेन को और समर्थन देने की घोषणा और रूस पर सख्त कार्रवाई शामिल है।
सीएनएन ने बताया कि नाटो प्रमुख ने चीन पर राजनीतिक समर्थन प्रदान करने और झूठ एवं दुष्प्रचार फैलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आक्रमण में बीजिंग की भूमिका को शिखर सम्मेलन में संबोधित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन इस बात को लेकर चिंतित है कि चीन रूसी आक्रमण के लिए भौतिक समर्थन प्रदान कर सकता है।
स्टोलटेनबर्ग ने कहा, हम चीन से आक्रमण की निंदा करने और इस युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए एक शांतिपूर्ण रास्ता खोजने के लिए राजनयिक प्रयासों में शामिल होने व रूस को सामग्री सहायता प्रदान नहीं करने का आह्वान करते हैं।
इस बीच, यूक्रेन में मानवीय स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, हजारों लोग लगातार सीमा पार कर पड़ोसी मुल्कों में शरण ले रहे हैं। यूक्रेन से भागने वाले शरणार्थियों की मेजबानी करने वाले देशों के लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा करते हुए, यूरोपीय संघ (ईयू) आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने कहा, अब तक 30 लाख से अधिक लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं। उनमें से आधे बच्चे हैं। मैं सभी यूरोपीय लोगों, सभी सदस्यों और मोल्दोवा की विशाल उदारता की सराहना करता हूं। हम युद्ध के कारण भागने वालों की मेजबानी करने वाले यूरोपीय संघ के देशों के समर्थन में 3.4 बिलियन यूरो के सहायता पैकेज के प्रस्ताव की घोषणा करते हैं।