Connect with us

अपराध

कैंची धाम मेले में  युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एएसआई और कांस्टेबल पर मुकदमा, न्यायालय में पेश करने की तैयारी

 

कैंची धाम मेले में  युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एएसआई और कांस्टेबल पर मुकदमा, न्यायालय में पेश करने की तैयारी

भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। मेले में ड्यूटी के लिए आए ऊधमसिंहनगर जिले के दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में भवाली पुलिस ने दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

 

जानकारी के अनुसार ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार कैंची धाम मेले में ड्यूटी के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगे। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अभद्रता की और मारपीट भी की।

 

 

घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और कार्रवाई की मांग को लेकर कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।

 

 

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा ने लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराया।

इसके बाद दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

बाबा नीम करौली महाराज के पावन धाम में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है। लोगों ने पुलिस विभाग से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts