Connect with us

Uncategorized

काली विवाद के बीच पीएम मोदी का बयान, बोले- भारत पर मां काली का आशीर्वाद

देवी काली पर जारी पोस्टर विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मां काली पूरे भारत की भक्ति का केंद्र हैं। उनका आशीर्वाद देश पर बना रहे। देश में मां काली के पोस्टर को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रधानमंत्री का यह पहला बयान है। दरअसल, पीएम मोदी रविवार को स्वामी आत्मस्थानंद के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मां काली को लेकर भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने कहा, स्वामी रामकृष्ण परमहंस, एक ऐसे संत थे जिन्होंने मां काली का स्पष्ट साक्षात्कार किया था, जिन्होंने मां काली के चरणों में अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। वो कहते थे- ये सम्पूर्ण जगत, ये चर-अचर, सब कुछ मां की चेतना से व्याप्त है। पीएम ने कहा, यह चेतना बंगाल की काली पूजा में दिखती है। यही चेतना बंगाल और पूरे भारत की आस्था में दिखती है और जब आस्था इतनी पवित्र होती है तो शक्ति हमारा पथ प्रदर्शन करती है। उन्होंने कहा, मां काली का असीमित और असीम आशीर्वाद भारत के साथ है। भारत इसी आध्यात्मिक ऊर्जा को लेकर आज विश्व कल्याण की भावना से आगे बढ़ रहा है। 

अमित मालवीय ने महुआ पर साधा निशाना

पीएम मोदी के भाषण के बाद भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने महुआ मोइत्रा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल बंगाल बल्कि पूरे भारत को मां काली की भक्ति का केंद्र बताते हैं। दूसरी ओर, एक टीएमसी सांसद ने मां काली का अपमान किया। उन पर कार्रवाई के बजाय ममता बनर्जी उनका बचाव करती हैं।

लीना मणिमेकलाई के खिलाफ FIR दर्ज, लुकआउट सर्कुलर भी जारी

 लीना मणिमेकलाई ने कुछ दिन पहले अपनी डॉक्यूमेंट्री काली का पोस्टर शेयर किया था। इसमें काली को सिगरेट पीते दिखाया गया है। इस पोस्टर के सामने आने के बाद देशभर में विवाद शुरू हो गया है। उन्होंने एक और पोस्ट की थी, जिसमें शिव और पार्वती को भी सिगरेट पीते दिखाया गया था। हालांकि, यह तस्वीर उनकी फिल्म से जुड़ी नहीं थी। लीना के खिलाफ कई राज्यों में केस दर्ज किया गया है। साथ ही ट्विटर से उनका अकाउंट ब्लॉक करने की भी मांग की है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की क्राइम ब्रांच ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।

विवाद में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की एंट्री

काली के पोस्टर विवाद में 4 जुलाई को टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की एंट्री हुई। मोइत्रा ने कहा कि धर्म की आजादी सभी को होनी चाहिए। तारापीठ में मां काली को शराब चढ़ाई जाती है। मेरे लिए काली, मांस खाने वाली, शराब स्वीकार करने वाली देवी हैं। महुआ के इस बयान पर हंगामा शुरू हो गया, जिसके बाद टीएमसी ने इससे किनारा कर लिया।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts