Uncategorized
ITBP की टीम पर नक्सलियों का हमला, IED ब्लास्ट में एएसआई शहीद, हेड कांस्टेबल जख्मी
रायपुर/ नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नारायणपुर में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोंडरीबेड़ा के पास आईईडी ब्लास्ट कर आईटीबीपी के जवानों पर नक्सलियों ने हमला कर दिया. सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में लगे जवान आईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गए. सोमवार की सुबह हुई इस घटना में आईटीबीपी के एएसआई शहीद हो गए हैं. वही एक हेड कॉन्स्टेबल घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल लाकर प्राथमिक उपचार करने के बाद रायपुर रेफर किया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट सोनपुर से ढोंडरीबेड़ा के मध्य किया है. रोड निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए आईईटीबीपी 53Bn की पार्टी रवाना हुई थी. सुबह करीब 8:30 बजे आईईडी ब्लास्ट हुआ है, जिसमें आईईटीबीपी के एएसआई राजेन्द्र सिंह शहीद और हेड कांस्टेबल बूराडे महेश घायल हुए हैं. इलाके में सर्च अभियान जारी है. घटना की पुष्टि नक्सल ऑपरेशन आईपीएस अक्षय कुमार ने की है. घायल जवान का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है. घटना स्थल पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टीम रवाना कर दी गई है. नक्सल उस इलाके में अन्य स्थानों पर भी उत्पात मचाए हैं.
आमदई खदान में नक्सलियों का उत्पात
नारायणपुर जिले के ही आमदई खदान के विरोध में नक्सलियों ने उत्पात मचाया है. बताया जा रहा है कि सोमवार को नारायणपुर ओरछा मार्ग मे बिजली पोल व पेड़ डालकर नक्सलियों ने चक्काजाम कर दिया है. सड़क के किनारे पेड़ों में आमदई खदान के विरोध में बैनर भी लगाए गए हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंच बैनर को जब्त कर लिया है. आमदई खदान सहित बस्तर के तमाम खदानों को बंद करने की मांग नक्सलियों की ओर से की गई है. आमदई मांईस से 500 मीटर दूरी पर नक्सलियों ने बैनर पोस्टर लगाए हैं. नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के ओरछा मार्ग की यह घटना है.