Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

Uttarakhand में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर स्थिति साफ नहीं, धामी दिल्ली हुए रवाना

खबर शेयर करें -

देहरादून। विधानसभा चुनाव का परिणाम आए नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन भाजपा विधायक दल के नेता को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार शाम को दिल्ली रवाना हो गए। 

मदन कौशिक भी दिल्ली गए

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक भी दिल्ली गए हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पहले ही दिल्ली में मौजूद हैं। इस बीच पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों का पहले रविवार को देहरादून पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। 

मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बढ़ी प्रतीक्षा

समझा जा रहा है कि अब पर्यवेक्षक सोमवार को पहुंचेंगे और इसी दिन या फिर मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है। ऐसे में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर प्रतीक्षा बढ़ गई है। 

परेड मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह 

उधर, भाजपा शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी ने मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए परेड मैदान का चयन किया है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्री समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

चुनाव में दो-तिहाई बहुत मिला

चुनाव में दो-तिहाई बहुत हासिल करने के बावजूद नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बना ऊहापोह दूर नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनाव हार जाने के कारण पार्टी की मशक्कत अधिक बढ़ गई है। 

अन्य दावेदारों के नाम भी चर्चा में

यद्यपि, कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन कई अन्य दावेदारों के नाम भी चर्चा में आए हैं। इस बीच शनिवार शाम को शीर्ष नेतृत्व के बुलावे पर मुख्यमंत्री धामी व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक दिल्ली पहुंच गए। 

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट की। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री व भाजपा विधायक ऋतु खंडूड़ी ने भी शनिवार को दिल्ली में नड्डा सहित अन्य केंद्रीय नेताओं से भेंट की।

आमजन में है उत्सकुता

विधायक दल के नेता के चयन में विलंब से नेताओं की धड़कनें बढ़ रही हैं तो आमजन में उत्सकुता। विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पर्यवेक्षक और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त कर चुकी है।

पहले यह माना जा रहा था कि होली के तुरंत बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक देहरादून पहुंचेंगे और फिर भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जाएगा। पार्टी की ओर से विधायकों को भी होली के तुरंत बाद देहरादून पहुंचने के निर्देश दिए गए थे।  असल में गढ़वाल में रंगोत्सव 18 मार्च को था, जबकि कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को। अधिकांश विधायक दून पहुंच चुके हैं, जबकि कुमाऊं क्षेत्र के विधायकों के रविवार को देहरादून पहुंचने की संभावना है। इस परिदृश्य के बीच रविवार को विधायक दल की बैठक की संभावना क्षीण ही नजर आ रही है।

विधानसभा में विधायकों का शपथ ग्रहण भी अभी नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि सोमवार को प्रोटेम स्पीकर की राजभवन में शपथ होगी और फिर इसी दिन या अगले दिन विधानसभा में नव निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। यह भी चर्चा है कि विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक हो सकती है।

 प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार शाम को हुई बैठक 

उधर, प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार शाम को हुई बैठक में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों संग मंथन किया।  बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि परेड मैदान में शपथ ग्रहण समारोह भव्य होगा। प्रयास यह है कि समारोह में प्रदेश के हर वर्ग का प्रतिनिधित्व हो। इसी हिसाब से तैयारियां की जा रही हैं।

भाजपा विधानमंडल दल की बैठक दो-तीन दिन के भीतर

उन्होंने कहा कि भाजपा विधानमंडल दल की बैठक दो-तीन दिन के भीतर होगी और फिर शपथ ग्रहण होगा। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, भाजपा अध्यक्ष समेत सभी वरिष्ठ नेता आएंगे। अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized