Connect with us

Uncategorized

बदले मौसम ने फिर बढ़ाई किसानों की परेशानी, आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश

खबर शेयर करें -

दिल्ली और यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार को बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की है।

विदर्भ में बारिश के साथ पड़ेंगे ओले

उत्तर पश्चिम भारत के पश्चिम हिमालयन क्षेत्र में आज तूफान और बारिश के साथ ओले पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आज गरज और चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विदर्भ में बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में 26 मार्च को ओले पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में पंजाब, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, तेलंगाना, उत्तराखंड, लद्दाख, दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में आज हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

यहां हो सकती है बर्फबारी

वहीं, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बर्फबारी होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज हल्के बादल छाए रहेंगे।

पंजाब में चक्रवाती तूफान 

पंजाब के अबोहर में गांव बकैनवाला में चक्रवात ने 30 मकानों को नुकसान पहुंचाया। बागों में लगे पेड़ उखड़ गए और गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई। गिरे मकानों के मलबे के नीचे कई लोग दब गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। नौ लोग घायल हुए हैं।

लोगों ने कहा- पहली बार देखा ऐसा चक्रवाती तूफान

स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने ऐसा चक्रवती तूफान पहली बार देखा है। उन्हें अचानक तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। अचानक मकानों के गिरने और लोगों की चीखने-चिल्लानें की आवाजें आने लगीं। एक घर में खड़ी ट्राली पलट गई, जबकि पेड़ दूर जा गिरे।

तापमान में गिरावट

जम्मू कश्मीर में भी तेज वर्षा से तापमान में फिर गिरावट आई है। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ के उच्चपवर्तीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई।

उत्तराखंड में बारिश

उत्तराखंड में भी बारिश हुई है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से शुक्रवार को नैनीताल में तेज बारिश हुई। बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 10 बकरियों की मौत हो गई। अल्मोड़ा में बूंदाबांदी हुई। बिहार में तेज हवा, बारिश और प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन अभी चल ही रहा है कि मौसम विभाग ने दो दिन बाद फिर बारिश की भविष्यवाणी की है। बता दें, बिहार में 17 से 21 मार्च के बीच तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से बिहार में 16531 हेक्टेयर खेत में लगी फसल की क्षति का प्रारंभिक आकलन किया गया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts