उत्तराखण्ड
हाय महंगाई, डबल इंजन सरकार पर गरजे कांग्रेसी
अल्मोड़ा : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में भाजपा की डबल इंजन सरकार के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी अगर सरकार जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं करती तो सड़क से सदन तक प्रत्येक कार्यकर्ता उग्र आंदोलन को मजबूर होगा।
शनिवार को गांधी पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर हुई सभा में कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनावों के तुरन्त बाद आम लोगों की आवश्यक उपभोग की वस्तुओं, बिजली, पानी जैसी चीजों के बिलों में बढ़ोतरी कर आम जनता को दोनों हाथों से लूटने का काम किया जा रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा की कथनी और करनी में काफी अंतर है। एक तरफ भाजपा सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा पूरे देश में गरीबों को दिए जाने वाले दो रुपये किलो गेहूं, तीन रुपये किलो चावल से लोगों का ध्यान भटकाकर पांच किलो गेहूं,चावल मुफ्त कर तेजी से बढ़ रही अभूतपूर्व महंगाई से जनता का ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है। जो कि आम जनता के साथ धोखा है। डीजल, पेट्रोल, खाद्य तेल, खाद्य सामग्री, निर्माण सामग्री लोहा, सीमेंट में तेजी से महंगाई हुई है, इससे आम जनता को जीवन यापन करना दूभर होते जा रहा है। मध्यमवर्गीय एवं गरीब वर्ग के सामने अपने परिवार का पालन पोषण करना तक मुश्किल हो रहा है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूरन सिंह रौतेला, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, महिपाल प्रसाद, आनन्द सिंह बगडवाल, परितोष जोशी, तारा चन्द्र जोशी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पाण्डे, राबिन भंडारी, अख्तर हुसैन, अमित बिष्ट, अंबीराम, महेश चन्द्र, सभासद हेम तिवारी, मनोज वर्मा, आशा जोशी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

