अपराध
हरियाणा के दामाद ने अल्मोड़ा में ससुर की हत्या की, कुछ समय पूर्व ही गांव लौटे थे धौलादेवी निवासी पाण्डेय
हरियाणा के दामाद ने अल्मोड़ा में ससुर की हत्या की, कुछ समय पूर्व ही गांव लौटे थे धौलादेवी निवासी पाण्डेय
ससुर की हत्या के बाद फरार दामाद-बेटी की तलाश, उत्तराखंड से हरियाणा तक पुलिस ने बढ़ाई दबिश
अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के सेली गांव में ससुर की हत्या के मामले में फरार दामाद और उसकी पत्नी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आरोपी दंपती की खोज में उत्तराखंड से लेकर हरियाणा तक संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
जानकारी के अनुसार सेली गांव निवासी 52 वर्षीय चंद्रशेखर पांडेय कुछ समय पहले हरियाणा से लौटकर अपने पैतृक गांव में रह रहे थे और खेती-बाड़ी कर रहे थे। इसी दौरान शनिवार को उनकी बड़ी बेटी और दामाद गांव पहुंचे थे। आरोप है कि रविवार को किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दामाद ने धारदार हथियार से चंद्रशेखर पर हमला कर दिया।
हमले में चंद्रशेखर के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और सिर पर भी गहरी चोट लगी। अत्यधिक रक्तस्राव और सिर की चोट के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी दामाद और बेटी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने मृतक की पत्नी और अन्य बच्चों को कमरे में बंद कर दिया था। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रिश्तेदारी के जरिए हुई थी बेटी की शादी
ग्रामीणों के अनुसार चंद्रशेखर पांडेय के परिवार में पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं। उनके कुछ रिश्तेदार हरियाणा में रहते थे, जिनके माध्यम से अप्रैल में बड़ी बेटी की शादी हरियाणा निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
ग्रामीणों में दहशत, जल्द गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद सेली गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा करने की मांग की है।
सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
