Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

हरिद्वार : पथरी क्षेत्र के चार गांवों में हाथियों के झुंड ने मचाया आतंक, रौंद डाली गन्ने की फसल

खबर शेयर करें -

हरिद्वार : हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के गांवों में रविवार रात हाथियों के झुंड ने आतंक मचा दिया। यहां उन्‍होंने गन्‍ने की फसल बर्बाद कर दी।

जानकारी के मुताबिक पथरी क्षेत्र के चार गांवों में हाथियों का झुंड घुस आया।। सूचना पर ग्रामीण इकट्ठे होकर मौके पर पहुंचे और पटाखे चलाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया।

सोमवार को तड़के वन विभाग की टीम ने मशक्कत कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। ग्रामीणों ने रोजाना होने वाले नुकसान की दुहाई देते हुए हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।

गौरतलब है कि यहां गन्ने की फसल खाने के लिए हाथी रात के समय गंगा पार कर आते हैं। हाथी लक्सर रोड के अजीतपुर, मिस्सरपुर, पंजनहेड़ी व चांदपुर आदि गांव में घुस आते हैं। हाथी फसल कम खाते हैं, जबकि बर्बाद ज्यादा करते हैं। बीती रात भी हाथियों का एक झुंड खेतों में आ गया था और फसल रौंद डाली।

हाईवे पर हाथी के आने से मच गई अफरातफरी

वहीं शनिवार को हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथी की धमक से राहगीरों की जान आफत में पड़ गई थी। शनिवार शाम रसियाबड़ तिराहे के समीप अचानक हाईवे पर हाथी के आने से अफरातफरी मच गई। हाथी ने नजीबाबाद की ओर से आ रही एक ब्रेजा कार को धक्का मारने का प्रयास किया। शोर मचाने में बाद हाथी जंगल की ओर भागा।

हरिद्वार के चंडीपुल से लेकर चिड़ियापुर तक हाईवे दोनों ओर जंगल से घिरा हुआ है। यही कारण है कि आए दिन हाथी सहित अन्य जंगली जानवर हाईवे में आ धमकते हैं। इन दिनों हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। जिसमें हाथी के आवागमन के लिए कारिडोर बनाया जाना प्रस्तावित है।

वन क्षेत्राधिकारी रसियाबड़ कुलदीप पंवार ने बताया कि हाईवे पर शनिवार को हाथी के आने की सूचना मिलते ही वन कर्मियों को मौके पर भेज दिया गया था। सुबह और शाम के बाद एलीफेंट कारिडोर के आसपास बराबर गश्त कराई जाती है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized