Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

हनुमान जन्मोत्सव:शोभायात्रा पर पथराव के बाद काली सेना ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, यह दी चेतावनी

खबर शेयर करें -

भगवानपुर के डाडा जलालपुर गांव में हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा पर हुए पथराव के मामले में काली सेना ने एक धर्मगुरु पर भड़काऊ बयान देने सहित कुछ महिलाओं पर भी पथराव का आरोप लगाया। सेना के पदाधिकारियों ने उन्हें भी नामजद कर गिरफ्तारी की मांग की। सभी आरोपियों की 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर तहसील में हनुमान चालीसा का पाठ करने की बात कही।

शिव मंदिर में काली सेना के राज्य संयोजक स्वामी दिनेशानंद भारती ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा पर जिन लोगों ने पथराव किया, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। 48 घंटे के अंदर यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो काली सेना ग्रामीणों के साथ भगवानपुर के एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेगी।

इसके साथ ही वहीं पर हनुमान चालीसा का पाठ करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान तहसील के किसी कार्यालय से किसी को बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं की ओर से भी शोभायात्रा के दौरान पथराव किया गया। उन महिलाओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए।

शोभायात्रा के दौरान एक धर्मगुरु पर भड़काऊ ऐलान करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता की। थानाध्यक्ष का कहना है कि गांव में शांति है। पुलिस दर्ज मुकदमे के तहत कार्रवाई कर रही है। एसपी देहात परमेंद्र डोबाल ने भी भगवानपुर थाने पहुंचकर मामले में जानकारी ली।

डाडा जलालपुर में शोभायात्रा पर पथराव में दो और गिरफ्तार
डाडा जलालपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान हुए बवाल में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल ग्यारह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी तैनात है।

शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर डाडा जलालपुर गांव में शोभायात्रा निकाली गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने शोभायात्रा पर पथराव कर दिया, जिसके बाद हुए बवाल में करीब 10 लोग घायल हो गए। पथराव के साथ-साथ आगजनी भी की गई थी। पुलिस ने रविवार को 12 नामजद लोगों और 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

रविवार को ही पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
सोमवार को भी पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि फरमान और फरीद को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसको कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। अज्ञात सभी आरोपियों को चिन्हित करने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव पुलिस की निगरानी में है। लगातार गांव पर नजर रखी जा रही है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts