Connect with us

अपराध

हल्द्वानी: बजूनिया हल्दू में तेंदुए का आतंक, घर के बाहर टहल रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, गांव में दहशत

हल्द्वानी: बजूनिया हल्दू में तेंदुए का आतंक, घर के बाहर टहल रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, गांव में दहशत

 

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर से सटे बजूनिया हल्दू क्षेत्र में सोमवार शाम तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। घर के बाहर टहल रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। महिला के पत्थर मारने और कुत्ते के भौंकने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

 

*घर के बाहर टहलते समय हुआ हमला*

जानकारी के अनुसार बजूनिया हल्दू निवासी गणेश सनवाल (62) सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया। हमले में गणेश सनवाल चीख-पुकार करने लगे।

 

उनकी आवाज सुनकर पास के घर के बाहर मौजूद एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए की ओर पत्थर फेंके। साथ ही गणेश जी के पालतू कुत्ते के भौंकने से माहौल और गूंज उठा। शोर-शराबा सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए बेस अस्पताल लाया गया।

 

चिकित्सकों के मुताबिक घायल सनवाल के हाथ, पैर और गले पर तेंदुए के हमले के निशान हैं। उपचार के बाद अब उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

 

*वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, जंगल की ओर न जाने की अपील*

घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप असगोला मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल के परिजनों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली।

 

रेंजर ने बताया कि विभागीय टीम को तत्काल मौके पर गश्त के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही गांव में सुरक्षा इंतजाम भी कराए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

 

*3 साल पहले भी ले चुका है एक की जान*

ग्राम प्रधान दिनेश जोशी ने बताया कि जिस जगह हमला हुआ है उसके ठीक सामने नाला है और नाले के दूसरी ओर घना जंगल है। पिछले कई सालों से इस क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी बनी हुई है।

 

प्रधान के अनुसार तीन साल पहले भी इसी गांव में तेंदुए ने नत्थू लाल नामक व्यक्ति की जान ले ली थी। आठ महीने पहले भी एक तेंदुआ यहां एक काश्तकार की गोशाला से बकरियों को उठा ले गया था।

 

 

हल्द्वानी: बजूनिया हल्दू में तेंदुए का आतंक, घर के बाहर टहल रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, गांव में दहशत

 

उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्र में वन्य जीवों की आवाजाही रोकने के लिए सोलर फेंसिंग कराई जाए, सोलर लाइटें लगाई जाएं और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए।

 

फिलहाल पूरे क्षेत्र में वन विभाग की टीम गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सावधान रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts