अपराध
सड़क पर बिखरी बजरी बनी जानलेवा, 34 वर्षीय होटल संचालक की मौत
सड़क पर बिखरी बजरी बनी जानलेवा, 34 वर्षीय होटल संचालक की मौत*
रामनगर। कानिया क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई।
मृतक की पहचान 34 वर्षीय ललित मेहरा के रूप में हुई है। वह कोटाबाग के चकलुवा निवासी करन मेहरा के बेटे थे।
ललित समलखलिया में होटल चलाते थे और काम के लिए कानिया में किराये पर कमरा लेकर रहते थे। हादसे वाली रात वह रोज की तरह होटल का काम निपटाकर अपने कमरे जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर पड़ी रेता-बजरी पर उनकी बाइक फिसल गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे लोगों ने उन्हें तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान लापरवाही से छोड़ी गई बजरी की वजह से यह हादसा हुआ।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि ललित की एक बड़ी बहन पुणे में रहती है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
