Connect with us

Uncategorized

बागेश्वर में आम का पेड़ गिरने से मची अफरातफरी, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त

 बागेश्वर: जिले के वैणीमाधव वार्ड के भिटालगांव में आम का विशालकाय पेड़ गिर गया। जिससे बिजली के पोल, तार आदि क्षतिग्रस्त हो गए। पालिका की पांच स्ट्रीट लाइटें भी टूट गई हैं। पेड़ धारे और रास्ते के बीचोंबीच गिरा है। जिससे रास्ता भी बंद हो गया है। घटना के समय लोग बाहर नहीं थे। जिससे बड़ी घटना टल गई है।

पेड़ गिरने से मची अफरातफरी

वैणीमाधव वार्ड के भिटालगांव में आम का पेड़ गिरने से लोगों में अफरातफरी मच गई। तेज हवा के साथ पेड़ बिजली के तारों में लटक गया। दूसरे पेड़ पर गिरा और फिर दो पोल जड़ से उखड़ गए। पांच स्ट्रीट लाइटें टूट गईं। लोगों के घरों के बिजली मीटर और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र बहादुर सिंह मेहता का मकान घटना में बालबाल बच गया। उन्हें पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है।

क्षेत्र में रहते हैं 500 लोग

सभासद नवीन चंद्र आर्या ने बताया कि क्षेत्र में 500 से अधिक लोग रहते हैं। तेज हवा चल रही थी और देर शाम पेड़ गिरते समय कोई भी रास्ते पर नहीं था। जिसके कारण बड़ी घटना टल गई है। उन्होंने कहा कि आरएफसी गोदाम, चौरसी और भिटालगांव का रास्ता 10 घंटे से बंद है।

मुआवजे की मांग

आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना भी दी गई। लेकिन पेड़ को रास्ते से हटाने कोई नहीं पहुंचा है। जिससे स्कूली बच्चे, महिलाएं और अन्य लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष कवि जोशी ने प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है। इधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि ऊर्जा निगम तार दुरुस्त कर रहा है। पेड़ को हटाने के लिए संबंधित विभाग को कहा गया है।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts