उत्तराखण्ड
डॉ. सयाना फिर बने चिकित्सा शिक्षा निदेशक, चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के तबादले
चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के तबादले
देहरादून। उत्तराखंड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-5 ने सोमवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों एवं संकाय सदस्यों के स्थानांतरण और प्रभार परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। शासन के अनुसार यह निर्णय शासकीय हित एवं जनहित में लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. अजय कुमार आर्य को चिकित्सा शिक्षा निदेशक के प्रभार से मुक्त कर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी का प्राचार्य बनाया गया है। वहीं डॉ. आशुतोष सयाना को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य पद से चिकित्सा शिक्षा निदेशक का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा डॉ. चन्द्रप्रकाश भैंसोड़ा का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर किया गया है, जबकि डॉ. चन्द्र मोहन सिंह रावत को राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार से राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया है।
आदेश के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा का प्राचार्य बनाया गया है। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में प्रोफेसर डॉ. पंकज सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार में प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमानुसार शीघ्र कार्यमुक्त होकर अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।
