उत्तराखण्ड
डॉ. ऋतु रखोलिया का रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज तबादला, चिकित्सा शिक्षा विभाग में सात डॉक्टरों के हुए स्थानांतरण
डॉ. ऋतु रखोलिया का रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज तबादला, चिकित्सा शिक्षा विभाग में सात डॉक्टरों के हुए स्थानांतरण
देहरादून। उत्तराखंड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जनहित एवं लोकहित में राजकीय मेडिकल कॉलेजों के सात संकाय सदस्यों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत विभिन्न विभागों में कार्यरत प्रोफेसर एवं असिस्टेंट प्रोफेसरों का एक मेडिकल कॉलेज से दूसरे मेडिकल कॉलेज में तबादला किया गया है।
जारी सूची के अनुसार पीडियाट्रिक्स (बाल रोग) विभाग की प्रोफेसर डॉ. ऋतु रखोलिया को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर स्थानांतरित किया गया है।
स्थानांतरण सूची में शामिल अन्य चिकित्सकों में फिजियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. विरेंद्र कुमार द्विवेदी को राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर भेजा गया है।
बायोकेमिस्ट्री विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अतानु सेन का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर किया गया है।
बायोकेमिस्ट्री विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गौरव गुप्ता को राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून से राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ भेजा गया है।
एनाटॉमी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजकुमार का तबादला राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ किया गया है।
स्किन एंड वीडी (त्वचा एवं यौन रोग) विभाग के प्रोफेसर डॉ. सौरभ अग्रवाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर स्थानांतरित किया गया है।
वहीं ऑर्थोपीडिक्स विभाग के प्रोफेसर डॉ. दया कृष्ण का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर किया गया है।
चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-5 की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में सभी संबंधित चिकित्सकों को निर्धारित समय के भीतर अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन का कहना है कि यह स्थानांतरण चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में शैक्षणिक व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।
