राजनीति
धामी को सीएम बनाने को भाजपा हाईकमान को पत्र, दो विधायक भी कर चुके सीट छोड़ने की पेशकश
बागेश्वर : उत्तराखंड में पुष्कर धामी को दोबारा सीएम बनाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है।बागेश्वर में महिलाओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष के माध्यम से हाईकमान को पत्र भेजा है। इससे पूर्व दो विधायक भी धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने को कह चुके हैं।
बागेश्वर के कत्यूरघाटी से मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को फिर सीएम बनाने की मांग मुखर हो गई है। महिला, युवाओं ने जिलाध्यक्ष के माध्यम से पार्टी हाईकमान को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के चेहरे से चुनाव लड़ा है। कत्यूर घाटी ने भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कराई है। अब वह सीएम का चेहरा धामी को बनाना चाहते हैं।
कत्यूर घाटी से भाजपा लगभग नौ हजार मतों से भाजपा आगे रही है। क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं ने भाजपा पर विश्वास किया है। पुष्कर धामी को फिर से सीएम बनाने की मांग भी उठा दी है। क्षेत्र के गोपाल सिंह, मंगल सिंह, बबीना देवी, हंसी देवी, शोभा देवी, अनिता देवी, गीता देवी, नीमा देवी आदि ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उन्हें भरपूर लाभ मिल रहा है। विकास की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
हर घर नल से जल, कोरोना टीका, कोरानाकाल से अब तक मुफ्त का राशन, जनधन खाते में धनराशि, किसानों को दो हजार रुपये की मदद, महिला मजदूरों को उनके हक दिलाने में भाजपा सबसे आगे रही है। युवाओं और महिलाओं की पसंद कमल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने विकास और महत्वाकांक्षी योजनाओं के नाम पर वोट दिया है। जिसका प्रतिफल उन्हें मिलना ही चाहिए। सीएम के हारने का उन्हें मलाल है। लेकिन वह फिर से उन्हें सीएम देखना चाहते हैं। युवा नेतृत्व और तेज तर्रार लोगों की उत्तराखंड को जरूरत है।
अन्य संगठन ने भी की मांग
जिला नागरिक समिति के सदय संजय साह जगाती, जिला बार ऐसोसिएशन ने भी धामी को सीएम बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के नाम पर चुनाव लड़ा गया है।उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर जनता को अभिवादन भी पार्टी को स्वीकार करना चाहिए।
जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने बताया कि हम तो चाहते हैं सीएम धामी ही बने रहें। केंद्रीय नेतृत्व का फैसला अंतिम होता है। उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया है। उस पर विचार हाइकमान ही करेगा। कत्यूर घाटी के लोगों ने उन्हें ज्ञापन दिया है। जिसे वह केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।
ये विधायक कर चुके सीट छोड़ने की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के लिए पहले लोहाघाट के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपनी सीट छोड़ने की पेशकश की। विधायक ने कहा है कि पार्टी अगर धामी को सीएम बनाती है तो उनके लिए मैं अपनी सीट छोड़ दूंगा।
इसके बाद जागेश्वर विधानसभा से जीते भाजपा विधायक मोहन सिंह मेहरा ने भी पार्टी से पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पुष्कर सिंह धामी के लिए वह अपनी सीट छोड़ने को तैयार हैं।
कहा कि वह मुख्यमंत्री धामी के युवा नेतृत्व के कारण ही भाजपा ने इस चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। उन्हें काम करने का कम समय मिला है। एक बार और मौका मिलना चाहिए।

