Connect with us

उत्तराखण्ड

धामी-रेलवे बोर्ड चेयरमैन बैठक: उत्तराखंड में रेल नेटवर्क विस्तार पर जोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना तय समय में पूरी करने पर बल

खबर शेयर करें -

धामी-रेलवे बोर्ड चेयरमैन बैठक: उत्तराखंड में रेल नेटवर्क विस्तार पर जोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना तय समय में पूरी करने पर बल

कस्तूरी न्यूज़ नेटवर्क, देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। बैठक में राज्य में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, चल रही परियोजनाओं और भविष्य की रेल आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी का सुदृढ़ीकरण राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की अत्यंत महत्वपूर्ण और सामरिक दृष्टि से अहम परियोजना बताते हुए इसे तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा, विशेषकर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाएगी।

टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर चर्चा

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि इस परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवंबर 2026 तक इस पर ठोस प्रगति दिखाई देनी चाहिए।

इसके साथ ही कर्णप्रयाग-बागेश्वर और किच्छा-खटीमा रेल लाइनों को भी भविष्य की जरूरतों और क्षेत्रीय संतुलित विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर कार्य तेज करने का आग्रह किया गया।

रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण जरूरी है। उन्होंने देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।

आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं विकसित करने की आवश्यकता भी बताई गई।

रेल नेटवर्क से बढ़ेंगे विकास के अवसर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts