Connect with us

उत्तराखण्ड

सरकारी जमीन, वक्फ संपत्तियों और भू कानून उल्लंघन पर सख्त हुए धामी, डीएम को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सरकारी जमीन, वक्फ संपत्तियों और भू कानून उल्लंघन पर सख्त हुए धामी, डीएम को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की जांच कराने और भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की त्वरित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, वहां संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।

 

 

मुख्यमंत्री ने राज्य में मौजूद शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए। साथ ही वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज करने और उसकी समीक्षा व जांच करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

 

 

बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन अभियान को तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच करने और अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने को कहा। संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

 

 

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पूर्व तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

 

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि बिजली कटौती आवश्यक हो तो इसकी पूर्व सूचना आम जनता तक समय रहते पहुंचाई जाए।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लेने और शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा रूट पर पेयजल उपलब्धता और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। साथ ही मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं, जैसे पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन को केवल कागजों तक सीमित न रखकर वास्तविक किसानों तक पहुंचाने पर बल दिया। इसके अलावा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने और ज्योतिर्मठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts