Connect with us

अपराध

बड़ी खबर : अवैध वसूली के आरोपों में घिरे परिवहन विभाग का सब इंस्पेक्टर निलंबित

बड़ी खबर : अवैध वसूली के आरोपों में घिरे परिवहन विभाग के सब इंस्पेक्टर निलंबित

उत्तराखंड के हर्रावाला क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से कथित अवैध वसूली के आरोपों में घिरे परिवहन विभाग के सब इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

 

 

बताया जा रहा है कि सोमवार को सब इंस्पेक्टर तेंगोवाल हर महीने की तरह कथित वसूली के लिए हर्रावाला पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे एक दुकान के अंदर बंद कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने परिवहन विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

 

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी अधिकारी लंबे समय से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से वाहनों के हिसाब से रकम वसूल रहा था। आरोपों के मुताबिक छोटी गाड़ियों से दो-दो हजार रुपये प्रति माह लिए जाते थे, जबकि छह टायर वाहनों से आठ हजार, आठ टायर वाहनों से दस हजार और 12 टायर वाहनों से 12 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। लोगों का दावा है कि यह सिलसिला पिछले करीब चार वर्षों से चल रहा था।

 

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान परिवहन सचिव ने भी लिया। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक के बाद प्रारंभिक जांच के आधार पर सब इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

 

 

अपर परिवहन आयुक्त की ओर से निलंबन आदेश जारी कर दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts