Uncategorized
सगाई समारोह में गए किशोर पर हमला कर गंगा में फेंकने का किया प्रयास; लोगों के पहुंचने पर भागे हमलावर
सगाई समारोह में गए एक किशोर को कुछ व्यक्तियों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने घायल अवस्था में उसे गंगा में फेंकने का भी प्रयास किया, हालांकि जब तक वह ऐसा करते कुछ लोग मौके पहुंच गए। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के फतवा गांव निवासी मदन कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका 17 वर्षीय पुत्र रामपुर रायघटी गांव में एक सगाई समारोह में गया था। समारोह में गांव का वंश भी मौजूद था। समारोह की समाप्ति के बाद वंश ने उसके पुत्र से कहा कि उसे यहां गांव में स्थित अपनी रिश्तेदारी में मिलने जाना है। उसके रिश्तेदार गंगा किनारे अपने खेत में मौजूद हैं। यह कहते हुए वह उसके पुत्र को अपने साथ गंगा किनारे ले गया।
आरोप है कि वंश द्वारा यहां पहले से अपने कुछ साथियों को बुला रखा था। जो तमंचे व लाठी-डंडों से लैस थे। उक्त युवकों ने उसके पुत्र के साथ गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। जिस पर वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा।
आरोप है कि युवकों ने बेहोशी की हालत में उसके पुत्र को गंगा में फेंकने का प्रयास किया। इस दौरान खेतों में काम कर घर वापस लौट रहे कुछ ग्रामीणों की उन पर नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचा दिया। जिस पर हमलावर उसके पुत्र को गंगा किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घायल का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपित वंश तथा उसके साथी विश्वास, सनी, चाहत व अजय आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
