Connect with us

Uncategorized

हल्‍द्वानी में झोलाछाप डाक्टर के इंजेक्शन लगाने पर बिगड़ी गर्भवती की तबीयत, मौत

 हल्द्वानी : झोलाछाप डाक्टर के इंजेक्शन लगाते ही गर्भवती की तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उसे इलाज के लिए एसटीएच लेकर पहुंचे। डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मां के साथ गर्भ में पल रहे सात माह के शिशु की भी मौत हो गई। स्वजनों ने झोलाछाप डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मूलरूप से थाना अलीगंज, बरेली व हाल जीना कालोनी, छड़ायल निवासी महिपाल साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाता है। महिपाल ने पुलिस को बताया कि उसकी 24 वर्षीय पत्नी अनिता सात माह की गर्भवती थी। मंगलवार की शाम उसे सांस लेने में परेशानी हुई।

छड़ायल चौराहे पर एक बंगाली डाक्टर को दिखाने गया। आरोप है कि डाक्टर ने बिना बीपी नापे इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया। घर पहुंचते ही पत्नी की तबीयत और बिगडऩे लगी। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। यहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।

मुखानी थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि गर्भवती के स्वजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को नायब तहसीलदार हरीश चंद्र की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम किया गया।

बेटे के सिर से उठा मां का साया

अनिता के तीन साल का एक बेटा है। बेटे ने होश भी नहीं संभाला है कि सिर से मां का साया उठ गया है। अबोध बच्चा मां की मौत से अंजान बना रहा।

झोलाछाप डाक्टर पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद झोलाछाप डाक्टर पर शिकंजा कसा जाएगा। मामले में उसकी संलिप्ता मिली तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि झोलाछाप डाक्टर से इलाज न कराएं।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts